TVS Motor Company हमारे देश में कई साल से पैर जमाए हुए है। इसके दोपहिया वाहन अपनी खास शैली के लिए जाने जाते हैं। इन्हें चलाने वाले लोग इनकी तारीफ करते नहीं थकते। कई कंपनियों से कड़ी टक्कर मिलने के बावजूद इनकी लोकप्रियता आज भी कायम है। इसके बिक्री के आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं। टीवीएस ने अब अप्रेल 2023 में बिके अपने हर प्रकार के वाहनों (दो पहिया, इलेक्ट्रिक, तिपहिया) की रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने अप्रेल में इन सभी वाहनों की कुल 3 लाख 6 हजार 224 यूनिट बेची। अप्रेल 2022 में यह संख्या 2 लाख 95 हजार 308 थी। इसका मतलब है कि कंपनी की 4 प्रतिशत की ग्रॉथ हुई है। अब सिर्फ टू व्हीलर्स की सेल पर नजर डालें तो अप्रेल में यह संख्या 2 लाख 94 हजार 786 रही, जबकि अप्रेल 2022 में यह 2 लाख 80 हजार 22 थी। इसमें 5 प्रतिशत बढ़ोतरी है।
यह भी पढ़ें : OLA के कस्टमर्स की हुई बल्ले-बल्ले, मिलेंगे 19 हजार रुपए, कंपनी ने इस कारण लिया यह फैसला
मोटरसाइकिल की बिक्री में 10 प्रतिशत का इजाफा
इसी तरह घरेलू बाजार में 29 फीसदी की वृद्धि हुई है क्योंकि अप्रेल 2023 में कुल 2 लाख 32 हजार 956 यूनिट बेची गई, जबकि पिछले साल अप्रेल में यह संख्या 1 लाख 80 हजार 553 ही थी। अब टीवीएस की मोटरसाइकिल की बात करेंगे। यह अप्रेल 2023 में 1 लाख 52 हजार 365, जबकि अप्रेल 2022 में 1 लाख 39 हजार 27 यूनिट है। यानी 10% बढ़ोतरी। स्कूटर के मामले में अप्रेल 2023 में 1 लाख 7 हजार 496 और अप्रेल 2022 में 1 लाख 2 हजार 209 यूनिट बिकी। मतलब 5 प्रतिशत वृद्धि।
एक लाख बिक्री का आंकड़ा छू चुका है iQube ई स्कूटर
कंपनी के इलेक्ट्रिक स्कूटर आईक्यूब (iQube) ने भी कमाल कर दिया। इस ई स्कूटर की अप्रेल 2022 में 1420 यूनिट ही बिकी थी, जबकि अप्रेल 2023 में यह संख्या 6227 हो गई है। इस ई स्कूटर ने हाल ही में 1 लाख यूनिट की बिक्री का मील का पत्थर छू लिया है। यह सफलतापूर्वक एआईएस156 फेज 2 में बदल गया, जो पिछले महीने प्रोडक्शन में बाधा का कारण बना था। हालांकि अब कंपनी को भरोसा है कि वह इस महीने प्रोडक्शन बढ़ा लेगी। कंपनी का दावा है कि टीवीएस आईक्यूब की बुकिंग के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह है।
एक्सपोर्ट के मामले में पिछड़ी टीवीएस
टीवीएस के इंटरनेशल बिजनेस को देखें तो कंपनी ने पिछले महीने 71663 वाहनों का निर्यात (एक्सपोर्ट) किया। अप्रेल 2022 में यह संख्या 1 लाख 13 हजार 427 थी। इस लिहाज से कंपनी को घाटा हुआ है। अप्रेल 2023 में कुल 61830 दो पहिया वाहन निर्यात किए गए, जबकि पिछले साल अप्रेल में यह संख्या 99489 थी। थ्री व्हीलर्स (तिपहिया वाहन) की बात करें तो अप्रेल 2023 में कुल 11438 यूनिट बिकी, जबकि अप्रेल 2022 में यह आंकड़ा 15286 था। इसका मतलब है कि विदेशी बाजार में इनकी लोकप्रियता में गिरावट आई है। उल्लेखनीय है कि टीवीएस ने पिछले महीने भारतीय बाजार में रेडर बाइक का नया सिंगल सीट वर्जन लॉन्च किया था। इसकी एक्स शोरूम कीमत 93719 रुपए है।
यह भी पढ़ें : 2023 Honda Shine 100 जीत रही बाइक लवर्स का दिल, ऐसे बढ़ाई Hero Splendor की मुश्किलें