Fake Note : अगर आप किसी दुकान पर जाते हैं और सामान खरीदने के बाद दुकानदार को 500 रुपए का नोट देते हैं और वह नकली निकल जाता है तो आपका दिमाग खराब हो जाएगा। हालांकि ऐसा दुर्लभ केस में ही होता है। हमारे देश में अभी जाली या नकली मुद्रा की समस्या ने विकराल रूप नहीं लिया है, फिर भी यह देश की अर्थव्यवस्था पर बुरा प्रभाव डालती है। एक्टर शाहिद कपूर की पिछले दिनों आई वेबसीरीज फर्जी में जाली नोट की समस्या को हाईलाइट किया गया था। आज हम आपको बताते हैं 100 रुपए, 500 रुपए या 2000 रुपए के नोट को कैसे चेक करें, जिससे पता चले कि वह असली है या नकली।
वाटरमार्क देखें
भारतीय नोटों में एक वाटरमार्क होता है, जिसे उन पर रोशनी पड़ने पर देखा जा सकता है। वाटरमार्क महात्मा गांधी का पोर्ट्रेट है और यह नोट के बाईं ओर दिखाई देता है।
सुरक्षा धागा (सिक्योरिटी थ्रेड) चेक करें
भारतीय नोटों पर खड़े रूप में (वर्टिकली) एक सुरक्षा धागा गुजरता है। इस पर नोट का मूल्य प्रिंट होने के साथ आरबीआई लिखा होता है।
प्रिंटिंग क्वालिटी चेक करें
विशुद्ध (जेनुइन) भारतीय नोट की तेज लाइनों के साथ उच्च प्रिंटिंग क्वालिटी होती है। जाली नोट में ऐसा नहीं होता।
सी-थ्रू रजिस्टर चेक करें
सभी भारतीय नोटों में एक सी-थ्रू रजिस्टर होता है। यह एक नोट के आगे और पीछे लिखे मूल्य की इमेज है, जो रोशनी में देखने पर बिल्कुल एक पंक्ति में होती है।
सूक्ष्म अक्षर (माइक्रो-लैटरिंग) करें चेक
भारतीय नोटों में सूक्ष्म अक्षर भी होते हैं, जिन्हें मैग्नीफाइंग ग्लास से देखा जा सकता है। ये विशुद्ध नोट पर तेज (शार्प) होंगे, लेकिन फेक नोट में धुंधले (ब्लर) हो सकते हैं।
पेपर के फील को चेक करें
जो भारतीय नोट जेनुइन होते हैं वे सर्वोत्तम गुणवत्ता वाले पेपर पर प्रिंट किए जाते हैं। यह पेपर न सिर्फ कुरकुरा (क्रिस्प) होता है बल्कि इसमें एक यूनीक टेक्सचर भी होता है।
सीरियल नंबर चेक करें
भारतीय नोटों पर एक यूनीक सीरियल नंबर भी प्रिंट होता है। इसलिए यह जरूरी है कि आप सुनिश्चत करें कि नोट के दोनों तरफ एक ही नंबर है। साथ ही साइड पेनल पर प्रिंटेड सीरियल नंबर भी मैच करें।
आपको बता दें कि नकली भारतीय नोटों के सर्कुलेशन को रोकने के लिए रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) ने कई पैमाने तय किए हैं। अगर आपका वास्ता किसी जाली नोट से पड़ता है तो किसी भी प्रकार की देरी किए बगैर प्रशासन को सूचित करें। भारत में अपने पास जाली नोट रखना एक आपराधिक कृत्य है। अगर आपको नोट की वैधानिकता पर शक है तो उसे बैंक या वेरिफिकेशन के लिए करेंसी एक्सचेंज सेंटर ले जाएं।